About

Leadership Message

Message from the Hon'ble Chief Minister

Vision and guidance for strengthening artisans, MSMEs, and district-level enterprise through ODOP.

Official Statement

Chief Minister's Message

मुझे यह जानकर अत्यंत प्रसन्नता की अनुभूति हो रही है कि दिनांक 10 अगस्त, 2018 को लखनऊ में 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट' समिट का आयोजन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश प्राकृतिक एवं मानवीय संसाधनों की दृष्टि से विकास की अपार संभावनाओं को समेटे हुए है।

इन संसाधनों का कुशलतम उपयोग करते हुए प्रदेश के समग्र एवं समावेशी आर्थिक विकास तथा जनमानस के जीवन स्तर के उन्नयन के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा दिनांक 24 जनवरी, 2018 को उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर 'एक जनपद-एक उत्पाद' कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है।

'एक जनपद-एक उत्पाद' कार्यक्रम के बहुआयामी लाभों के दृष्टिगत प्रदेश सरकार इसके सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु गंभीरता से प्रयास कर रही है। भारत सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान आदि के साथ 'एक जनपद-एक उत्पाद' कार्यक्रम का समन्वय करते हुए कार्यक्रम से जुड़े हितधारकों के साथ क्रियान्वयन के विविध पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।

तदनुरूप विकास रणनीति के निर्धारण हेतु 'एक जनपद-एक उत्पाद' समिट का आयोजन किया जा रहा है। इस समिट में 'एक जनपद-एक उत्पाद' कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न जनपदों के चयनित उत्पादों के विकास से जुड़ी नयी योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा तथा उत्पादों की ब्राण्डिंग एवं लोकप्रियता बढ़ाने हेतु प्रदर्शनी तथा लाइव डेमो भी आयोजित किए जाएंगे।

आयोजन के दौरान डिजाइन डेवलपमेंट सहित विभिन्न चुनौतियों एवं अवसरों पर विशेषज्ञों के साथ तकनीकी सत्र, मुद्रा ऋण वितरण आदि कार्यक्रम भी सम्पन्न होंगे। मुझे विश्वास है कि 'एक जनपद-एक उत्पाद' कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में यह समिट अत्यंत उपयोगी एवं मार्ग-दर्शक सिद्ध होगी।

'एक जनपद-एक उत्पाद' समिट की सफलता हेतु मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।

Policy Direction

Message from the Hon'ble Minister

Departmental priorities for implementation, employment generation, and market development under ODOP.

Official Statement

Minister's Message

प्रदेश के समग्र विकास हेतु प्रदेश सरकार कृतसंकल्प एवं निरन्तर प्रयत्नशील है। सरकार द्वारा 'सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम नीति' तथा 'अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास नीति' का प्रख्यापन करते हुए उद्यमी हितैषी नीतियों एवं योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।

राज्य में विशाल मानव संसाधन की ऊर्जा, परम्परागत कारीगरों की कुशलता तथा प्रत्येक जनपद के एकाधिक उत्पाद विशेष की प्रसिद्धि अथवा विकास की सम्भावनाशीलता है। इस क्रम में माननीय मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा एवं मार्ग-दर्शन से प्रदेश के सर्वागीण विकास के उद्देश्य से 'एक जनपद एक उत्पाद' कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।

इसका मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, उत्पाद विकास हेतु वित्त पोषण, प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग, विपणन सुविधाएं आदि उपलब्ध कराते हुए राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय बाजारों में ब्राण्ड उत्तर प्रदेश को स्थापित करना है।

भारत सरकार तथा राज्य सरकार की रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं वित्त पोषण की योजनाओं के साथ समन्वय करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु विभाग निरन्तर प्रयत्नशील है। इसी कड़ी में कार्यक्रम के हित धारकों के साथ 'एक जनपद-एक उत्पाद समिट' का आयोजन किया जा रहा है।

इसमें नयी योजनाओं के शुभारम्भ के साथ वित्त पोषण, प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग, विपणन, उत्पाद विकास आदि विषयों पर विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श किया जायेगा। मैं 'एक जनपद-एक उत्पाद समिट' के आयोजन हेतु माननीय मुख्यमंत्री जी की प्रगतिशील एवं जनोपयोगी दृष्टिकोण के प्रति आभार प्रकट करता हूँ एवं उनके कुशल नेतृत्व में इस कार्यक्रम के उद्देश्यों को पूरा करने का संकल्प लेता हूँ।

मैं माननीय मुख्यमंत्री जी को विश्वास दिलाता हूँ कि इस कार्यक्रम का लाभ सभी हितधारकों तक पहुँचाया जायेगा ताकि प्रदेश में संतुलित तरीके से लघु उद्यमों का विकास होता रहे। साथ ही इस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु शुभकामनाएं प्रेषित करता हूँ।